दर्शन और प्रकृति : कुछ सूत्र
सदियों पहले मनुष्य ने पेड़ों की छाँव या गुफाओं में शरण ली तो उसका प्रकृति से गहरा याराना था। उसने अपनी चेतना के विकास के तमाम सोपानों से गुजरते हुए उसे खूब निभाया भी । उसके कण-कण में देवत्व की कल्पना की। भारतीय लोकमानस द्वारा स्वीकृत तैंतीस करोड़ देवताओं में सब हैं— वर्षा के देवता मघवान,परजन्य या इन्द्र, जल के देवता वरुण, वनस्पतियों और औषधियों को पोषण प्रदान करने वाले चंद्रमा और धरती के कण-कण को प्रकाशित करने वाले या ऊर्जा देने वाले सूर्य ही नहीं, वायु-वातास, पेड़-पौधे, जीव-जन्तु सब-कुछ। सारा चराचर जगत ही देवता है, सब में ईश्वरत्व का वास है। सब उस एक ही परमा-प्रकृति की संतानें हैं, जिसके साथ क्रीड़ा कर महाशिव इस पूरी सृष्टि की को जन्म देता है। महाशिव और परमाप्रकृति को यदि दार्शनिक गुंजलक से मुक्त कर दिया जाए तो क्या यह कल्पना प्रकृति के विभिन्न उपादानों के साथ मनुष्य साहचर्य या भ्रातृत्व की अभिव्यक्ति नहीं है ? निश्चित रूप से उस मनुष्य की कुछ सीमाएँ थीं और उन सीमाओं को सुलझाने का एक मात्र रास्ता जो उसे समझ में आया, वह था ब्रह्म या ईश्वर । आज जब वे सीमाएँ टूट चुकी हैं, तब हम चाहें तो उसे ही पदार्थ कह लें । यों, यह पदार्थवाद भी पुराने सांख्यवादियों को स्वीकार्य रहा है; उन्होंने पंचभौतिक शरीर की कल्पना की । ये पांचों तत्त्व प्रकृति प्रदत्त हैं और यह समूची सृष्टि पंचतात्विक है, मनुष्य भी और पेड़-पौधे भी । अगर दायरा थोड़ा और बढ़ा लें और हम ग्रीक के पुराने चिंतन तक की यात्रा कर आएँ तो हम पाएंगे कि भारतीय सांख्यवादियों की तरह ही ग्रीक दार्शनिक अरस्तू भी दुनिया को प्राकृतिक उपादानों के निर्मिति ही मानता था, फर्क बस तत्त्वो की संख्या का था । वहाँ पाँच नहीं, केवल चार तत्त्वों की बात की गई है;पृथ्वी,जल,वायु और अग्नि । आकाश उनके चिंतन में अनुपस्थित है । यह बात थोड़ी आश्चर्यजनक अवश्य है कि भारत की तुलना में यूनान की स्थिति खगोलीय अध्ययन के कहीं अधिक अनुकूल थी । भारतीय विद्वान बराहमिहिर ने यूनानियों को उनके खगोलीय अध्ययन के लिए विशेष सम्मान से याद भी किया है और उन्हें वैदिक ऋषियों की तरह प्रणम्य कहा है । फिर भी, आकाश को अरस्तू ने उतना महत्त्व नहीं दिया है, कारण जो भी रहा हो । क्या ये संदर्भ स्वयं में मनुष्य की प्रकृति से अपनत्व की घोषणा नहीं हैं ? निश्चित रूप से, यह अन्योन्याश्रय से आगे की बात है; किसी न किसी हद तक यह मानव और प्रकृति के एकात्म की स्वीकृति है । प्रकृति और मनुष्य के बीच का अंतर केवल बुद्धि या चेतना के स्तर पर है; बाकी अनुभूतियाँ तो सब में होती हैं । मनुष्य बौद्धिक है तथा अपने चिंतन और अनुभूति को व्यक्त करने में समर्थ भी, इसलिए प्रकृति और मनुष्य के बीच के इस रिश्ते को निभाने का दारोमदार उसपर कहीं अधिक है ।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें